हनुमानगढ़। जंक्शन की स्टार सिटी कॉलोनी में सूने पड़े मकान में चोरी की वारदात हो गई। मकान मालिक अपने परिजनों सहित रिश्तेदारी में गया हुआ था। वापस लौटने पर ताले टूटे हुए थे तथा अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी गायब थी। मंगलवार को मकान मालिक की रिपोर्ट पर जंक्शन पुलिस थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार गौरव गुप्ता (38) पुत्र बाबूराम अग्रवाल निवासी मकान नम्बर 109, स्टार सिटी, वार्ड 48, जंक्शन ने बताया कि वह रविवार को दोपहर करीब 12 बजे अपने परिवार सहित रिश्तेदारी में सिरसा गया था। सोमवार को रात्रि करीब 8.30 बजे घर वापस आया तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला गायब था। घर के अन्दर प्रवेश किया तो सारा सामान अस्त-व्यस्त हालत में बिखरा पड़ा था। घर में रखे सामान की खोजबीन की तो सोने की चार चूडिय़ां, एक पैंडल सैट, चार अंगूठी, एक हाफ सैट, तीन जोड़ी टॉप्स, एक चेन, चांदी की आठ जोड़ी पायजेब, एक हाथ घड़ी, बीस हजार रुपए की नकदी गायब थी। कोई अज्ञात जना घर के मुख्य दरवाजा पर लगा ताला तोडक़र घर में प्रवेश कर यह सामान चोरी कर ले गया। मामले की जांच एएसआई शिवनारायण कर रहे हैं।
