पदमपुर में किसान नेता सुखबीर सिंह फौजी की भूख हड़ताल, टोल माफी और सड़क सुधार की मांग

0 minutes, 1 second Read

-मंगतराम-

पदमपुर। (अनूपगढ ज्योति न्यूज़)किसान नेता सुखबीर सिंह फौजी ने अपनी मांगों को लेकर जैतसर पुलिया पर एक दिवसीय भूख हड़ताल की। उनकी मुख्य मांग पदमपुर-श्रीगंगानगर मार्ग पर 15 किलोमीटर तक टोल फ्री करने की है। इसके अलावा, उन्होंने जैतसर मार्ग के उद्घाटन, कन्या महाविद्यालय परिसर में अवैध पेड़ों की कटाई रोकने और केमिकल युक्त काली राख को हटाने की भी मांग उठाई।

किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने इस मामले की जांच के लिए पांच दिन का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मुद्दे पर किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

किसान नेता अत्मेन्द्र सिंह क्रांति, कामरेड रविंद्र तरखान और दिलबाग सिंह समेत कई किसान इस प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत माला मार्ग पर 15 किलोमीटर तक टोल माफ किया जा सकता है, तो पदमपुर-गंगानगर मार्ग पर क्यों नहीं?

सड़क की खराब हालत पर भी किसानों की नाराजगी

प्रदर्शनकारियों ने पदमपुर-जैतसर मार्ग की बदहाल स्थिति पर भी रोष जताया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क जर्जर हालत में है। गड्ढों की वजह से वाहन चालकों, खासकर छोटे वाहनों के लिए दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

प्रशासन की चुप्पी पर किसानों की चेतावनी

सुखबीर सिंह फौजी ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से कोई भी अधिकारी वार्ता के लिए नहीं आया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो तहसील क्षेत्र के किसान और आम लोग बड़ा आंदोलन करेंगे।

Similar Posts