सूरतगढ़ थर्मल, ( सोनियां मेघवाल)।* सूरतगढ़ को जिला बनाओ अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी की ओर से गुरूवार को विशाल ट्रैक्टर रैली सूरतगढ़ बाजार की मुख्य सड़कों में से निकाली गई।
इस ट्रैक्टर रैली का प्रदर्शन शानदार रहा। कांग्रेसी कार्यकर्ता कांग्रेस का ध्वज लहराते हुए नाचते गाते सूरतगढ़ जिला बनाओ के नारे लगाते हुए बाजार की मुख्य सड़क एवं गलियों में से निकले। दुपहिया वाहनों पर भी सवार थे। ट्रैक्टरों पर भी नारे लग रहे थे।
400 से अधिक ट्रैक्टर रैली में होना बहुत बड़ी बात मानी जा रही थी।
एक ट्रैक्टर के ऊपर खुद हनुमान मील चालक बने हुए बड़े प्रसन्न नजर आ रहे थे। उनके ट्रैक्टर के पास में चारों और कांग्रेसी कार्यकर्ता सूरतगढ़ जिला बनाओ के नारे लगा रहे थे। हर एक ट्रैक्टर के ऊपर सूरतगढ़ को जिला बनाओ नारे के साथ हनुमान मील का फोटो भी था।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता मुखराम खिलेरी से मिली जानकारी अनुसार स्टेडियम के अंदर 400 से अधिक ट्रैक्टर गिने गए थे।
महाराणा प्रताप चौक के आगे से रैली निकली। महाराणा प्रताप चौक पर आमरण अनशन कारियों का टेंट लगा हुआ है। जिसमें गुरूवार के दिन जुलेखा बेगम और हरबक्श कौर बराड़ आमरण अनशन पर बैठी हुई थी, जिनका चौथा दिन था।
पूर्व विधायक गंगाजल मील आमरण अनशन स्थल पर कुर्सी पर विराजमान थे और वहीं से रैली का अवलोकन कर रहे थे।
रैली महाराणा प्रताप चौक पहुंची उससे पहले पूर्व विधायक गंगाजल मील आकर बैठे और रैली करीब 1 घंटे चलने के बाद पूर्ण होने पर गंगाजल मील वहां से वापस लौटे।
गंगाजल मील ने आमरण अनशन स्थल पर इस पत्रकार को बताया कि हम लोग सूरतगढ़ को जिला बनाने की पूरी कोशिश में रहेंगे और सूरतगढ़ जिला बनेगा। सूरतगढ़ के लोगों को इलाके के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।