
वरिष्ठ युवा भाजपा नेता सुनील प्रकाश कांग्रेस में हुए शामिल
प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है : सुधीर चौधरी
पटौदी/सुरेश कोहली : भाजपा अर्जुन मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष और भाजपा किसान मोर्चा के जिला कार्यकारिणी सदस्य सुनील प्रकाश वर्मा ने पार्टी को अलविदा कर दिया है। उन्होंने कहा की मैंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया। भाजपा की सरकार में आम जनता के साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं की भी उपेक्षा हो रही है। सुनील प्रकाश ने कहा कि मैं कांग्रेस की नीतियों के अनुरूप पार्टी को मजबूत करने के लिए सदैव काम करता रहूंगा। आगामी नगर निगम चुनाव, हरियाणा विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए संपूर्ण प्रयास करूंगा। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने पार्टी में शामिल होने के लिए सुनील प्रकाश को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर सुधीर चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना बीजेपी के पतन और कांग्रेस की पुनर्वापसी का संकेत है। महंगाई, अपराध, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से जूझ रही जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार बैठी है, लोगों को बस चुनावों का इंतजार है। धर्मेंद्र मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने कभी भी जनता के हित का काम नहीं किया। पार्टी में कार्यकर्ताओं की हमेशा उपेक्षा होती रही है। भाजपा के नेता जनता को धर्म और संप्रदाय के नाम पर गुमराह कर सत्ता सुख भोग रहे हैं। जनता की परेशानियों से उनका कोई लेना देना नहीं है। इसलिए जनता भी अब परिवर्तन करने को तैयार है।