वाल्मीकि प्रकट दिवस पर राजकीय अवकाश घोषित करने की माँग

0 minutes, 0 seconds Read

श्रीगंगानगर, 28 अप्रैल 2023: भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के राष्ट्रीय संचालक मदन सिरसवाल, प्रदेशाध्यक्ष अनिल धारीवाल तथा सफाई कर्मचारी यूनियन प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश वाल्मीकि ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के श्रीगंगानगर पधारने पर ज्ञापन सौंपकर भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस पर राजकीय अवकाश घोषित करने, सफाई कर्मचारियों की नवीन भर्ती में वर्षों से सफाई कार्य कर रहे अस्थाई सफाई कर्मचारियों व वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता देने सहित वाल्मीकि समाज एवं सफाई कर्मचारी कर्मचारियों के हित में माँग-पत्र का निराकरण करने की माँग की है।
प्रदेशाध्यक्ष अनिल धारीवाल के अनुसार मुख्यमंत्री से माँग की गई है कि वाल्मीकि समाज द्वारा राजस्थान सहित भारतवर्ष में भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस उपलक्ष्य आयोजित कार्यक्रमों में वाल्मीकि समाज व दलित समाज सहित समस्त समाजों के लोग श्रद्धापूर्वक शामिल होते हैं। इसलिए भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस पर राज्यभर में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए एवं राज्यभर में मांस-मदिरा की दुकानें बंद करने का आदेश जारी किया जाए। सफाई कर्मचारियों की नवीन भर्ती में काफी वर्षों से सफाई का कार्य कर रहे अस्थाई सफाई कर्मचारियों एवं वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता दी जाए, वर्षों से सफाई कार्य कर रहे अस्थाई सफाई कर्मचारी अधिक पढ़े-लिखे नहीं होने के कारण नवीन सफाई कर्मचारियों की भर्ती में ऑनलाईन आवेदन की बजाय ऑफलाईन आवेदन प्रक्रिया द्वारा सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाए तथा नगर परिषद् श्रीगंगानगर में क्षेत्रफल एवं जनसंख्या के आधार पर 500 नवीन सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाए। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज ने मुख्यमंत्री से पुरजोर शब्दों में माँग की है कि लम्बे समय से चली आ रही उक्त मांगों का अविलम्ब निराकरण करके वाल्मीकि समाज एवं वर्षों से सफाई कार्य कर रहे वाल्मीकि समाज के अस्थाई सफाई कर्मचारियों को राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के राष्ट्रीय संचालक मदन सिरसवाल, प्रदेशाध्यक्ष अनिल धारीवाल तथा सफाई कर्मचारी यूनियन प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश वाल्मीकि, आर्यन भारती सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *